दुर्ग जिले की ग्राम पंचायत कुम्हली में पंचायत के लेनदेन की जानकारी मांगने को लेकर हुए विवाद में पंचायत सचिव से मारपीट और पंचायत भवन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. जामगांव आर पुलिस ने इस मामले में पंच मोगन सपहा (30) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी कुम्हली गांव का निवासी है.
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अक्टूबर 2026 को पंचायत की सामान्य बैठक के दौरान हुई. बैठक में पंच मोगन सपहा ने पंचायत के लेनदेन से जुड़ी जानकारी मांगी थी. पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कही. आरोप है कि इस जवाब से नाराज होकर पंच ने सचिव से गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की. सचिव को चोटें आने की बात कही गई है.
पंचायत भवन में नुकसान का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने सचिव को जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद पंचायत भवन के सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे पर लात मारकर उसे नुकसान पहुंचाया गया. भवन में रखा खराब सबमर्सिबल मोटर पंप भी तोड़े जाने का आरोप है.
घटना के बाद सचिव ने जामगांव आर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मारपीट, धमकी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने तलाश के बाद 3 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार किया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
