दुर्ग के उरला क्षेत्र में जमीन खरीदने के नाम पर ₹10.01 लाख की धोखाधड़ी के मामले में मोहन नगर पुलिस ने जमीन दलाल लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर शिकायतकर्ता से रकम लेने के बाद उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने और उसकी रजिस्ट्री कराने का आरोप है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं.

पुलिस के अनुसार, शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान (53) ने 14 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2024 में उनकी पहचान अजय साहू से हुई थी. अजय ने उन्हें जमीन खरीद-बिक्री के काम से जुड़ा बताते हुए लोकेश खुल्लर और अमित साहू से मिलवाया.

आरोपियों ने विजय सिंह को उरला, दुर्ग में करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन दिखाई और कम समय में मुनाफे का दावा किया. पूरी जमीन खरीदने में असमर्थता जताने पर लोकेश ने आधी जमीन खुद खरीदकर साझेदारी में सौदा करने की बात कही. 7 अक्टूबर 2024 को जमीन के लिए इकरारनामा कराया गया. पुलिस के मुताबिक, लोकेश ने रजिस्ट्री से पहले जमीन का सीमांकन कराने और बिजली का खंभा हटवाने की जिम्मेदारी ली थी.

शिकायत के अनुसार, 3 अक्टूबर को अमित साहू को ₹51 हजार दिए गए. इसके बाद 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम ₹5 लाख और ₹4.50 लाख के चेक दिए गए. शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों चेकों की रकम संबंधित खातों से प्राप्त कर ली गई.

आरोप है कि तय समय में न तो सीमांकन कराया गया और न ही रजिस्ट्री हुई. लगातार आश्वासन मिलने के बीच शिकायतकर्ता को पता चला कि जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री भी करा दी गई है. रकम वापस नहीं मिलने पर शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने दस्तावेजों और लेन-देन की जांच के बाद 15 सितंबर को लोकेश को गिरफ्तार किया.