दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री के सौदे में 10.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता से जमीन खरीदने के नाम पर रकम ली और बाद में उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी. गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38) के रूप में हुई है. उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान (53) ने 14 सितंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में उसकी पहचान अजय साहू से हुई थी. अजय ने उसे जमीन खरीद-बिक्री का काम करने वाला बताया और लोकेश खुल्लर व अमित साहू से मिलवाया. आरोपियों ने उरला, दुर्ग में करीब 10 हजार वर्गफीट जमीन दिखाई और निवेश पर कम समय में मुनाफे की बात कही.

शिकायतकर्ता के पूरी जमीन खरीदने में असमर्थता जताने पर लोकेश ने आधी जमीन खुद खरीदने और साझेदारी में सौदा करने की बात कही. पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2024 को जमीन का इकरारनामा हुआ और सौदा 1,250 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से तय किया गया. लोकेश ने रजिस्ट्री से पहले सीमांकन कराने तथा मौके पर लगे बिजली के खंभे को हटवाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी.

शिकायत के अनुसार 3 अक्टूबर को अमित साहू को 51 हजार रुपये दिए गए. इसके बाद 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम 5 लाख और 4.50 लाख रुपये के चेक दिए गए, जिनकी रकम खातों से प्राप्त हो गई. आरोप है कि इसके बावजूद सीमांकन और रजिस्ट्री नहीं कराई गई. बाद में शिकायतकर्ता को जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचने और रजिस्ट्री होने की जानकारी मिली. रकम वापस नहीं मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की. पुलिस दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.