दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने खनिज विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात 35 वर्षीय मनीष सेन को गिरफ्तार किया है. एक महिला ने अपने जेठ पर गलत नीयत रखने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद बीएनएस की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया.

पुलिस के अनुसार, महिला की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. पति-पत्नी के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर महिला ने करीब दो दिन पहले अपने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ महिला थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दी थी. इस शिकायत पर धारा 498ए के तहत केस दर्ज किया गया था.

इसके दो दिन बाद महिला ने दूसरी शिकायत देकर जेठ मनीष सेन पर गलत नीयत रखने का आरोप लगाया. पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई.

पारिवारिक विवाद की भी जांच

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने भाई और शिकायतकर्ता महिला से अलग रहता है. वह दुर्ग कलेक्ट्रेट स्थित खनिज विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है. पुलिस अब महिला और आरोपी के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़े घटनाक्रम को भी जांच में शामिल कर रही है. मामले में आरोपों की पुष्टि के संबंध में जांच जारी है.