छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी सोमेश यादव को मृत्युदंड सुनाया है. अदालत ने 10 सितंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए पॉक्सो एक्ट की धारा 6(1) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत फांसी की सजा दी. यह सजा हाईकोर्ट की पुष्टि के अधीन रहेगी.

अदालत ने BNS की धारा 238(क) के तहत भी पांच साल की सश्रम सजा और जुर्माना लगाया है. सभी सजाएं एक साथ चलेंगी. मृत्युदंड की पुष्टि होने तक आरोपी को केंद्रीय जेल दुर्ग में रखने का आदेश दिया गया है.

कन्या भोज के लिए निकली थी बच्ची

घटना 6 अप्रैल 2025 की है. चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के अवसर पर बच्ची सुबह करीब 8 बजे अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर रिश्तेदार के यहां कन्या भोज में शामिल होने गई थी. कार्यक्रम के बाद वह घर नहीं लौटी. परिवार ने तलाश शुरू की और मोहन नगर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने उसी दिन एफआईआर दर्ज कर तलाश के लिए टीम बनाई.

तलाश के दौरान बच्ची गंभीर हालत में मिली. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव एक कार की पिछली सीट के नीचे मिला था. पोस्टमार्टम में यौन शोषण और गंभीर चोटों की पुष्टि हुई. घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था. शुरुआती जांच में कार मालिक से भी पूछताछ हुई, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे मामले में संदिग्ध नहीं माना.

डीएनए और वैज्ञानिक साक्ष्य अदालत में पेश

जांच के दौरान पुलिस ने बच्ची के चाचा सोमेश यादव से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, उसके बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद उन्हें अन्य साक्ष्यों से मिलाया गया और 8 अप्रैल 2025 को उसे गिरफ्तार किया गया. जांच में अलग-अलग स्थानों से वैज्ञानिक साक्ष्य और डीएनए नमूने जुटाए गए. इन्हें अदालत के सामने पेश किया गया.

पुलिस ने 9 मई 2025 को चालान दाखिल किया और 26 मई को आरोपी पर आरोप तय हुए. 11 जून 2025 से गवाहों और साक्ष्यों की रिकॉर्डिंग शुरू हुई. अदालत ने 2 सितंबर 2026 को फैसला सुरक्षित रखा था.

जुर्माना नहीं भरने पर अतिरिक्त सजा

अदालत के आदेश के अनुसार, पॉक्सो एक्ट और BNS की धारा 103(1) के तहत पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जुर्माना नहीं भरने पर दोनों मामलों में एक-एक साल की अतिरिक्त सश्रम सजा होगी. धारा 238(क) के तहत एक हजार रुपये का जुर्माना और भुगतान न करने पर एक महीने की अतिरिक्त सजा का प्रावधान आदेश में दर्ज है.

आरोपी 8 अप्रैल 2025 से जेल में है. अदालत ने जेल में बिताई गई अवधि को सजा की गणना में शामिल करने का निर्देश दिया है.