छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास सोमवार शाम कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों के बाएं पैर में चोट लगने की जानकारी है.
घायलों की पहचान शिव वर्मा (50) और हेमंत पटेल (45) के रूप में हुई है. दोनों कुम्हारी क्षेत्र के रहने वाले हैं और लिटिया में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे. जानकारी के मुताबिक, वे लिटिया की ओर से बोरी जा रहे थे, जबकि विधायक की कार खैरागढ़ की दिशा में जा रही थी.
घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
SDOP धमधा बीएम तिग्गा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मिलन चौक के पास कार और बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों तथा परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
हादसे में विधायक को चोट नहीं आई, जबकि उनकी कार क्षतिग्रस्त हुई है. विधायक के पति नीलांबर वर्मा ने दावा किया कि बाइक सवार सामने से आकर कार से टकराए और कार रुक गई थी. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद विधायक घबरा गई थीं और बाद में दूसरी बाइक से वहां से रवाना हुईं.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विधायक कार मौके पर छोड़कर चली गईं और घायलों की मदद के लिए जरूरी पहल नहीं की गई. हालांकि, विधायक पक्ष का कहना है कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है. हादसे के समय विधायक के भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद लौटने की बात भी सामने आई है.
