दुर्ग जिले में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने चुनावी व्यवस्थाओं के लिए 27 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है. इनके साथ सहायक नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं.

अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, मतदान दलों का गठन, प्रशिक्षण, ईवीएम, परिवहन, मतदाता जागरूकता, मीडिया, निर्वाचन व्यय और मतदान केंद्रों की व्यवस्था जैसे काम सौंपे गए हैं.

प्रमुख जिम्मेदारियां

आदेश के अनुसार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह निर्वाचन अवधि में कानून-व्यवस्था और पुलिस बल के साथ समन्वय देखेंगे. जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे.

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिल्ली थामस आदर्श आचार संहिता, राजनीतिक दलों की गतिविधियों और निर्वाचन संबंधी शिकायतों की निगरानी करेंगी. डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम दुर्ग सोनाल डेविड यातायात व्यवस्था, जबकि डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर ईवीएम से जुड़े काम देखेंगी.

संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक मतदान केंद्रों और मतदान सामग्री से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे. संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम भिलाई नगर-छावनी उत्तम सिंह चौधरी नगर निगम क्षेत्र में निर्वाचन कार्यों के लिए अनुमति और पास जारी करेंगे.

एसडीएम दुर्ग शहर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता नगर निगम रिसाली के लिए अनुमति-पास जारी करेंगे. डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम भिलाई-3 प्रकाश सोनी नगर निगम भिलाई-चरौदा और नगर पालिका जामुल के लिए यह काम देखेंगे. डिप्टी कलेक्टर अनन्या अग्रवाल सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति और उनकी रिपोर्ट प्राप्त करेंगी.

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी मेडिकल टीम, आपातकालीन चिकित्सा और मतदान दलों की स्वास्थ्य व्यवस्था संभालेंगे. जिला पंचायत की प्रियंका श्रीरंगे मतदान दलों के लिए निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था करेंगी.