दुर्ग के नेवई क्षेत्र में शराब पिलाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 54 वर्षीय श्रवण मंडावी के साथ 4 नवंबर की रात मारपीट हुई थी. इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना नेवई बस्ती में शिव मंदिर के पास एक पान ठेले के नजदीक रात करीब 10:40 बजे हुई थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए श्रवण मंडावी से विवाद किया. आरोप है कि कहासुनी के बाद पांचों ने डंडे, चप्पल और हाथ-मुक्कों से उनके साथ मारपीट की.
परिजन उन्हें इलाज के लिए शासकीय जिला अस्पताल, दुर्ग लेकर पहुंचे थे. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और पोस्टमॉर्टम कराया. शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखा है और शरीर पर बाहरी चोटों का उल्लेख किया है. इसलिए मौत के कारण से जुड़े अंतिम निष्कर्ष के लिए आगे की जांच और रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी.
बयानों के आधार पर दर्ज हुआ मामला
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी, परिजनों, घटनास्थल के पंचों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए. पुलिस का कहना है कि बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों से मारपीट और बलवा की घटना सामने आई. जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है.
नेवई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 191(2) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया. 19 नवंबर को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आलोक कुमार हुई (52), सपना हुई (42), पायल (35), शैलेन्द्री यादव (32) और सरोज बाई यादव (45) शामिल हैं. पुलिस ने कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं. सभी आरोपियों को दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है.
