दुर्ग जिले में बुधवार सुबह पुलिस ने अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए बस्तियों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया. दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग के अलग-अलग इलाकों में करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए. टीमों ने रहवासियों से पूछताछ की और संदिग्ध लोगों के रिकॉर्ड की जांच की.
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. दोनों के खिलाफ जारी वारंट की तामीली की गई. पुलिस ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य फरार वारंटियों को पकड़ना और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना था.
तीन क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों ने की जांच
रायपुर नाका की उड़िया बस्ती और पदमनाभपुर में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग भारती मरकाम के नेतृत्व में चेकिंग की गई. सुपेला स्थित अटल रेश्ने आवास में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक ने अभियान का नेतृत्व किया. खुर्सीपार की अटल आवास देवार बस्ती में उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन की अगुवाई में टीम ने जांच की.
अभियान के दौरान मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई. पुलिस ने पूर्व अपराधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर रहवासियों से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस अभियान में दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग के थाना-चौकी प्रभारी, एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे.
