दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में ढाबे के 19 वर्षीय कर्मचारी से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. मामले में शामिल एक नाबालिग को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है.

पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है. राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम इंदावानी निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी पुलगांव क्षेत्र के एक ढाबे में काम करता है. आरोप है कि चार युवक बातचीत करने के बहाने उसे ढाबे के पीछे ले गए.

पैसे मांगने का आरोप

पुलिस के अनुसार, ढाबे के पीछे पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक से पैसों की मांग की. विरोध करने पर उसके साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की गई. आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद युवक की जेब से 8,500 रुपये और करीब 10,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन ले लिया गया.

शिकायत मिलने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पुलगांव नदी के पास होने की जानकारी मिली. टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा. पूछताछ और जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन विश्वकर्मा (24), संजय तिवारी (25) और सोमेश्वर साहू (25) के रूप में बताई है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.