दुर्ग जिले में शुक्रवार को हुई बारिश के कारण कई धान खरीदी केंद्रों पर काम प्रभावित हुआ. पहले से टोकन जारी होने के बावजूद कई किसान धान नहीं बेच सके. संबंधित केंद्रों पर प्रभावित किसानों के टोकन में संशोधन कर खरीदी की नई तारीख दी जाएगी. हालांकि, जिन केंद्रों पर बारिश नहीं हुई या तौलाई और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था उपलब्ध थी, वहां खरीदी जारी रही.

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग के 20 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक के ऑनलाइन आंकड़ों के अनुसार, जिले में 118 समितियों के तहत 123 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं. इस खरीफ विपणन वर्ष के लिए 6 लाख 34 हजार 261 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए 1 लाख 15 हजार 933 किसानों ने पंजीयन कराया है.

आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 2,929 किसान धान बेच चुके हैं. इन किसानों से 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है, जिसकी कीमत 3,030.14 लाख रुपये दर्ज है. शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए थे. इनके जरिए 1,371.64 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य था, लेकिन बारिश के कारण केवल 21 टोकन पर 83.72 मीट्रिक टन धान खरीदा जा सका.

प्रभावित किसानों के टोकन में होगा संशोधन

चंदखुरी और हनोदा केंद्रों के समिति प्रबंधकों के अनुसार, बारिश के कारण कई केंद्रों पर खरीद अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी. मौसम अनुकूल होने पर संशोधित टोकन के आधार पर किसानों से खरीद की जाएगी.

केंद्रों पर पहले खरीदे गए धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए तिरपाल से ढका जा रहा है. समिति प्रबंधकों ने केंद्रों में तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था होने की बात कही है.

कोलिहापुरी में भंडारण पर आपत्ति

कोलिहापुरी धान उपार्जन केंद्र में खरीदे गए धान को खाद गोदाम में रखे जाने पर जिला किसान कांग्रेस के सदस्यों ने आपत्ति जताई है. उन्होंने मौके पर पहुंचकर खाद के साथ धान रखने की व्यवस्था पर सवाल उठाए और धान के लिए उचित भंडारण की मांग की. आगे खरीद की गति मौसम और केंद्रों पर उपलब्ध भंडारण व्यवस्था पर निर्भर करेगी.