दुर्ग और रायपुर से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें उपलब्ध हैं, लेकिन कई रूट पर सीधी सेवा नहीं होने और मौजूदा ट्रेनों में लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हरिद्वार जाने के लिए दुर्ग और रायपुर से सीधी नियमित ट्रेन नहीं है. यात्रियों को पहले बिलासपुर पहुंचकर उत्कल एक्सप्रेस पकड़नी पड़ती है.

यात्री राम कुमार के अनुसार, दुर्ग से बिलासपुर पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं. इसके बाद ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय और स्थानीय परिवहन का खर्च भी जुड़ जाता है. परिवारों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह व्यवस्था अधिक कठिन बताई गई है.

कामाख्या रूट पर साप्ताहिक कर्मभूमि एक्सप्रेस प्रमुख विकल्प है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसमें स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों में नो-रूम की स्थिति है. वाराणसी के लिए सारनाथ और गोंदिया-बरौनी ट्रेनें हैं, जबकि दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलती है. इन सेवाओं में भी कंफर्म टिकट के लिए लंबी वेटिंग बताई गई है. मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी यात्री दबाव बना हुआ है.

सांसद ने रेल मंत्री को भेजे प्रस्ताव

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर दुर्ग-हरिद्वार और दुर्ग-सुल्तानपुर स्पेशल को नियमित करने तथा दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस को रोज चलाने की मांग की है. उन्होंने दुर्ग-अमृतसर, दुर्ग-बनारस वंदे भारत और कामाख्या-दुर्ग अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव भी दिया है. इसके अलावा दुर्ग-अंबिकापुर इंटरसिटी और कोरबा-रायपुर इंटरसिटी को दुर्ग तक विस्तारित करने की मांग की गई है.

बिलासपुर मुख्यालय के सीपीआरओ शेख समी उर रहमान ने बताया कि ऐसे प्रस्तावों पर लाइन क्षमता, टाइम स्लॉट, रैक-कोच, पिट लाइन, मेंटेनेंस सुविधा और कर्मचारियों की उपलब्धता देखी जाती है. यात्री मांग, ट्रैक, सिग्नल और इलेक्ट्रिक सिस्टम की क्षमता का आकलन करने के बाद संबंधित विभाग निर्णय लेते हैं.