दुर्ग के राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 में 9 नवंबर की रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, विवाद पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ था. मामले में दो नाबालिगों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक, राजीव नगर निवासी चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों से पुरानी रंजिश थी. रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और इसके बाद मारपीट शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया.

पुलिस का कहना है कि इस दौरान ईंट-पत्थर और चाकू समेत धारदार हथियारों से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल चंदन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच देर रात तक मारपीट होती रही.

वीडियो फुटेज की जांच

सीएसपी देवांश राठौर के अनुसार, घटना के दौरान कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाया था. पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है, ताकि मौके पर मौजूद लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है.

समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया. गिरफ्तार किए गए आठ बालिग आरोपियों में पंकज ठाकुर, निखिल ठाकुर, खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी, संगीता ठाकुर, पुष्पा ठाकुर, योगिता ठाकुर, संदीप ठाकुर और सत्या साहू शामिल हैं. पुलिस ने दो नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

पुलिस के अनुसार, मृतक और गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत दर्ज किया गया है. आगे की जांच जारी है.