दुर्ग जिले में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में कमी दर्ज की गई है. जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच दुर्घटनाओं में 216 लोगों की जान गई, जबकि 2025 की इसी अवधि में 298 लोगों की मौत हुई थी. उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर मृतकों की संख्या में 82 की कमी यानी 27.52 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है.
यातायात पुलिस के अनुसार, पिछले एक महीने में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14,526 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इनमें 8,892 मामले बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के थे. नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 2,236 और दोपहिया वाहन पर तीन सवारियां बैठाने पर 1,315 चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई.
ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट पर निगरानी
एएसपी ट्रैफिक कौशलेंद्र पटेल के अनुसार, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष जांच पॉइंट बनाए गए हैं. सोनेसरारा धमधा रोड, मोतीपुर चौक, मुरमुंडा चौक, मालवीय नगर चौक, अवंति बाई चौक, रेल चौक और फुंडा चौक समेत अन्य स्थानों पर लगातार जांच की जा रही है. इन जगहों पर तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. रात के समय भी वाहनों की जांच की जा रही है.
एक महीने में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 169 और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 346 चालकों पर कार्रवाई की गई. बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 789, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल इस्तेमाल करने के 106 और लापरवाही से वाहन चलाने के 150 मामले दर्ज किए गए. नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले 47 और अन्य उल्लंघनों के 476 मामले भी कार्रवाई में शामिल हैं.
अक्टूबर 2026 में सड़क हादसों में 21 लोगों की मौत हुई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 26 थी. पुलिस के मुताबिक, हादसे रोकने के लिए निगरानी, चालान और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा.
