दुर्ग जिले के समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला व्हाट्सऐप स्टेटस लगाने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.
मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, गांव के जितेंद्र देशमुख ने शिकायत की थी कि सरपंच के व्हाट्सऐप स्टेटस पर कलेक्टर और एसडीएम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा लिखी गई है. शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया.
एसडीएम कार्यालय के ज्ञापन के बाद कार्रवाई
दुर्ग ग्रामीण एसडीएम कार्यालय ने भी पुलिस को ज्ञापन भेजकर व्हाट्सऐप स्टेटस की जांच और कार्रवाई के लिए कहा था. 27 अक्टूबर 2026 को जारी यह ज्ञापन 28 अक्टूबर को पुलिस को मिला. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
विवाद सामने आने के बाद अरुण गौतम ने सफाई दी थी कि उनके आठ वर्षीय बेटे ने गलती से एक मैसेज व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगा दिया था. उनका कहना था कि जानकारी मिलते ही स्टेटस हटा दिया गया. सरपंच ने मामले को अपने खिलाफ साजिश बताते हुए विरोधियों पर आरोप भी लगाए थे.
पुलिस के मुताबिक, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी बांड भरवाने की कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस ने बांड जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है. यह कार्रवाई मौजूदा मामले में सामने आई कथित आपराधिक गतिविधि के आधार पर किए जाने की बात कही गई है.
