दुर्ग जिले के पाटन स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) मर्रा में औचक निरीक्षण के दौरान पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में शिक्षक नहीं मिले. प्राचार्य सुरेश कुमार त्रिपाठी भी स्कूल में अनुपस्थित पाए गए. निरीक्षण दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा केवी राव ने किया.
निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे और कुछ स्कूल परिसर में घूमते मिले. इस पर संयुक्त संचालक ने नाराजगी जताई. शिक्षिका नसीम फातिमा खान, सोनी दुबे, पूनम प्रसाद, आंचल वर्मा और शुभम चौरे को चेतावनी पत्र जारी किया गया. आगे ऐसी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
जांच में यह भी सामने आया कि कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की किताबें अब तक नहीं मिली थीं. विकासखंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार, प्राचार्य की ओर से किताबों की मांग नहीं भेजी गई थी. कुछ अतिरिक्त किताबें साइंस म्यूजियम के कमरे में रखी मिलीं, जिन्हें जरूरतमंद स्कूलों तक भेजा जाना था.
स्कूल का साइंस म्यूजियम भी बंद मिला. विद्यार्थियों ने बताया कि उद्घाटन के बाद उन्हें म्यूजियम केवल एक दिन दिखाया गया था. इसके बाद म्यूजियम खुलवाकर बच्चों को उपकरण दिखाए गए. संयुक्त संचालक ने विज्ञान शिक्षक को हर सप्ताह कम से कम एक दिन म्यूजियम खोलने और सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को बारी-बारी से वहां ले जाने के निर्देश दिए.
निरीक्षण में तय क्रम से प्रार्थना नहीं कराने और लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करने पर प्राचार्य को भी कड़ी चेतावनी दी गई.
इसके बाद अधिकारी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मरोदा टैंक पहुंचे. वहां कक्षाएं नियमित रूप से चलती मिलीं. हालांकि, कक्षा दसवीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. शिक्षकों को विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट की पूरी जानकारी देकर उसी के अनुरूप परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए.
