दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र की सेलूद भाटापारा नहर में बहने वाले 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया. शिवम रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला था और कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने अपने साथियों के साथ सेलूद आया था.
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को शिवम नहर किनारे हाथ-पैर धो रहा था. इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया. घटना की सूचना मिलने के बाद SDRF दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची.
टीम ने शनिवार को नहर के गहरे पानी और तेज बहाव के बीच दिनभर तलाश की, लेकिन शिवम का पता नहीं चल सका. इसके बाद रविवार सुबह करीब 5:30 बजे संभावित हिस्सों में फिर सघन सर्च अभियान शुरू किया गया. तलाशी के दौरान टीम को शिवम का शव मिला.
शव को बाहर निकालने के बाद पंचनामा और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उतई थाना पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हादसे की खबर के बाद शिवम के साथ आए खिलाड़ियों और परिजनों में शोक का माहौल है.
