दुर्ग जिले के सेलूद में नशीली दवाओं की बिक्री के मामले में विशेष एनडीपीएस कोर्ट ने तीन आरोपियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने त्रिलोकी यादव, चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया. जुर्माना नहीं भरने पर तीनों को तीन महीने की अतिरिक्त साधारण जेल काटनी होगी.
विशेष न्यायाधीश पीएस मरकाम ने 9 अक्टूबर 2026 को फैसला सुनाया. अदालत ने रायपुर निवासी मोहम्मद कैश को पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर बरी कर दिया. अभियोजन पक्ष ने उस पर नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में सहयोग और आर्थिक मदद का आरोप लगाया था, लेकिन अदालत ने उसे दोषी ठहराने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं माना.
धान मंडी के पास पकड़े गए थे आरोपी
अभियोजन के मुताबिक, 9 जनवरी 2026 को उतई पुलिस को सूचना मिली थी कि सेलूद धान मंडी के पास नीली बाइक पर कुछ युवक नशीली टैबलेट बेचने के लिए खड़े हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा. उनकी पहचान सेलूद निवासी त्रिलोकी यादव (27) तथा धमतरी जिले के कुरूद निवासी चेमन विश्वकर्मा (20) और हकीम खान (24) के रूप में हुई.
तलाशी में त्रिलोकी के पास से 48 कैप्सूल मिले. चेमन और हकीम के कब्जे वाली प्लास्टिक बोरी से 364 कैप्सूल बरामद किए गए. कुल 412 कैप्सूल का वजन 263.68 ग्राम बताया गया. पुलिस ने बाइक, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की थी. जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 37 हजार 200 रुपये बताई गई.
अदालत ने तीनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) और 29 के तहत दोषी माना. कोर्ट ने जब्त नशीली दवाओं के निपटारे, नकदी और मोबाइल फोन को राजसात करने तथा बाइक के अधिहरण से जुड़े आदेश भी दिए हैं.
