दुर्ग जिले में 1 नवंबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और झपटमारी की सात वारदातें सामने आईं. खुर्सीपार में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं के पर्स छीने, जबकि सुपेला क्षेत्र में सूने मकान से जेवर और दो बाइक चोरी हुईं. पद्मनाभपुर में भी एक बाइक चोरी की शिकायत दर्ज हुई. उतई क्षेत्र में क्रेशर खदान से सबमर्सिबल पंप का करीब 200 मीटर तांबे का तार गायब मिला.

खुर्सीपार में महिलाओं से पर्स झपटे

1 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे सेक्टर-5 भिलाई निवासी 42 वर्षीय प्रतिभा मुखर्जी ईवी स्कूटी से रायपुर जा रही थीं. खुर्सीपार चौक के पास तुलसी ट्रेडर्स के सामने पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी स्कूटी के आगे लटका पर्स छीन लिया. पर्स में दो मोबाइल, सोने की तीन चूड़ियां, चांदी की बिछिया, जरूरी पहचान-पत्र, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये थे. उन्होंने सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई है.

दूसरी घटना 30 अक्टूबर को डबरापारा खुर्सीपार ब्रिज पर हुई. ग्राम नंदौरी निवासी 30 वर्षीय विंध्या वर्मा के स्कूटी के पायदान पर लटका पर्स बाइक सवार बदमाश ले गया. पर्स में 5 हजार रुपये, दस्तावेज, स्कूटी की आरसी और मां के इलाज से जुड़े कागजात थे. दोनों मामलों में बदमाशों के चेहरे ढके थे और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी. पुलिस को दोनों घटनाओं में एक ही आरोपियों के शामिल होने की आशंका है.

मकान, बाइक और तांबे का तार चोरी

स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक परिवार के बाहर जाने के दौरान सूने मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के 17 सिक्के चोरी किए गए. सामान की कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है. सुपेला क्षेत्र से दो और पद्मनाभपुर से एक बाइक चोरी होने की शिकायत मिली है. तीनों बाइकों की बताई गई कीमत क्रमशः 25 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपये है.

उतई के ग्राम धौराभाठा स्थित शिवगंगा पावर क्रेशर की खदान से करीब 200 मीटर तांबे का तार चोरी हुआ. पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है.