दुर्ग जिले में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बाद शिवनाथ नदी समेत कई नदी-नाले उफान पर हैं. निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और कई मार्गों पर आवाजाही बाधित हुई है. जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए नदी-नालों के किनारे और आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट किया है.
कुम्हारी थाना क्षेत्र के परसदा और अमलेश्वर थाना क्षेत्र के मटिया खार समेत अन्य स्थानों से करीब 160 लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया. प्रशासन के मुताबिक, शिवनाथ नदी में 15 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है. मोगरा बैराज, घुमरिया नाला, सुखानाल और खाटूटोला नाला से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर और बढ़ा है.
खारुन नदी पर रायपुर और अमलेश्वर को जोड़ने वाला पुल उफान की स्थिति में है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित है. सोमदा नाला करीब 4 से 5 फीट ऊपर तक बह रहा है, इसलिए दुर्ग-धमधा मार्ग भी प्रभावित हुआ है. शिवनाथ नदी के पुराने पुल के ऊपर करीब 5 से 6 फीट पानी बहने की जानकारी है.
जलस्तर बढ़ने के कारण जिला प्रशासन ने गणेश विसर्जन पर फिलहाल रोक लगा दी है. पानी कम होने और स्थिति सुरक्षित होने के बाद ही विसर्जन की अनुमति दी जाएगी. कलेक्टर अभिजीत सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया.
