दुर्ग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं के बाद शिवनाथ नदी और तांदुला नहर से दो लोगों के शव बरामद किए गए. दोनों मामलों में एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया. शव मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है.

शिवनाथ नदी में बहा 55 वर्षीय व्यक्ति

पहली घटना 23 अक्टूबर को बेलौदी एनीकेट के पास हुई. दुर्ग के जवाहर नगर निवासी जगदीश यादव (55) के नदी में बहने की सूचना के बाद दुर्ग एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. प्रशिक्षित गोताखोरों ने नदी में तलाशी अभियान चलाया और जगदीश का शव बरामद किया.

प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक कारणों से उनके मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है. घटना की परिस्थितियों की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी. शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जेवरा सिरसा थाना पुलिस और परिजनों को सौंपा गया.

तांदुला नहर में बाइक समेत गिरा युवक

दूसरी घटना 22 अक्टूबर को जामगांव आर थाना क्षेत्र के गाड़ाडीह के पास हुई. गुढ़ियारी और कानाकोट के बीच तांदुला पुल पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पुल से टकराई और सवार युवक वाहन समेत नहर में गिर गया.

मृतक की पहचान बालोद जिले के तिलोदा गांव निवासी लीलाधर उर्फ दुर्गेश ठाकुर (28) के रूप में हुई. एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने नहर में तलाश शुरू की. शाम करीब 4:30 बजे घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर फेकरी-बोहरडीह पुलिया के पास शव बरामद किया गया. पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक प्रक्रिया कर रही है.