दुर्ग जिले के नगपुरा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में बुधवार को स्कूल की समय-सारिणी बदलने के विरोध में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया. छात्र-छात्राएं प्रिंसिपल के कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर घंटों धरने पर बैठे रहे.
विद्यार्थियों का कहना था कि स्कूल का समय उनकी सहमति के बिना बदला गया. उनका आग्रह था कि स्कूल का समय पहले की तरह ही रखा जाए. छात्रों ने बताया कि कई विद्यार्थी सुबह कोचिंग जाते हैं, इसलिए नई व्यवस्था से उनकी ट्यूशन और पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए बदली गई थी व्यवस्था
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत धीर के अनुसार, स्कूल प्रिंसिपल ने परीक्षा परिणाम बेहतर करने के उद्देश्य से समय-सारिणी में बदलाव किया था. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं दूसरी शिफ्ट में और प्राइमरी व मिडिल स्कूल की कक्षाएं पहली शिफ्ट में संचालित की जानी थीं.
अधिकारियों के मुताबिक, विद्यार्थियों ने इस बदलाव पर सहमति नहीं जताई. यह बात भी सामने आई कि समय बदलने से पहले कमेटी के अन्य सदस्यों की सहमति नहीं ली गई थी. डीईओ ने कहा कि छात्रों को समझा लिया गया है और प्रिंसिपल को स्कूल का समय नहीं बदलने के निर्देश दिए गए हैं. मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बॉयज टॉयलेट की स्थिति पर भी नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बॉयज टॉयलेट की खराब स्थिति और वहां तक जाने वाले रास्ते की समस्या भी उठाई. ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विनोद शुक्ला ने बताया कि शौचालय से जुड़ी समस्या की जानकारी मिली है. उनके अनुसार, इसके सुधार कार्य को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द काम कराया जाएगा.
