दुर्ग में शनिवार को छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026 का आयोजन किया गया. समिट में GST से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने, कर प्रणाली को आसान करने और नई तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई. कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अधिवक्ताओं के लिए बार रूम बनाने की मांग स्वीकार कर ली. अधिवक्ताओं ने इस घोषणा का स्वागत किया.

समिट का आयोजन छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल ने किया था, जबकि दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन मेजबान रही. कार्यक्रम में GST अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) की नई दिल्ली प्रिंसिपल बेंच के अध्यक्ष डॉ. जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्रा, छत्तीसगढ़ के विधि मंत्री गजेंद्र यादव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए. GSTAT रायपुर बेंच के तकनीकी सदस्य सतीश कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी जैन भी मौजूद रहे.

करदाताओं और अधिकारियों के बीच संवाद पर जोर

छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने कर व्यवस्था में सुधार से जुड़े सुझाव रखे. उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए बार रूम बनाने के साथ करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए ‘संवाद’ कार्यक्रम शुरू करने की मांग की. वित्त मंत्री ने बार रूम की मांग मान ली.

कार्यक्रम में GSTAT की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए AI चैटबॉट शुरू करने का सुझाव भी दिया गया. इसका उद्देश्य लोगों को न्यायाधिकरण की प्रक्रिया और जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है. विधि मंत्री गजेंद्र यादव के सामने LLB पाठ्यक्रम में GST और AI से जुड़ा विषय शामिल करने का सुझाव रखा गया.

तकनीकी सत्र में हैदराबाद से आए CA विजय श्रीनिवास कोठापल्ली ने कर प्रावधानों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई. दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा और प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया ने अतिथियों का स्वागत किया. संचालन एससी लेखवानी ने किया.