दुर्ग जिले की विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है. सूची में नाम जोड़ने, हटाने या दर्ज जानकारी में सुधार कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे. दावा-आपत्ति आवेदन मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में जमा किए जा सकते हैं.
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी. 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी नाम जुड़वाने के लिए पात्र होंगे.
प्रारंभिक सूची में 12.63 लाख से अधिक मतदाता
दुर्ग जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों और बेमेतरा जिले के दो आंशिक विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर प्रारंभिक सूची में कुल 12,63,157 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 6,34,836 महिला, 6,28,280 पुरुष और 41 अन्य मतदाता शामिल हैं. इस तरह महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से 6,556 अधिक है.
विधानसभा क्षेत्रों में वैशाली नगर में सबसे ज्यादा 2,11,096 मतदाता दर्ज हैं. भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,28,042 मतदाता हैं. आयु वर्ग के अनुसार 30 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक 3,60,419 है. 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 2,44,279 और 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 7,959 है.
आवेदन के लिए अलग-अलग फॉर्म
पहली बार नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा. फॉर्म-8 के जरिए उसी विधानसभा क्षेत्र में पता बदलने की जानकारी भी दी जा सकती है.
मतदाता घर बैठे मतदाता सेवा पोर्टल या मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है.
