छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय अन्नू खांडे की हत्या के मामले में उसके पति त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की रात ग्राम अगर में हुई. आरोपी ने पत्नी को बीमार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि त्रिलोक ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर मुक्के मारे और इसके बाद उसका गला दबा दिया. वारदात को छिपाने के लिए उसने बीमारी से मौत होने की कहानी बताने की कोशिश की.
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. महिला की नवविवाहिता होने के कारण एसडीएम को सूचना दी गई और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा किया गया. इसमें सिर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्या जनित बताया गया.
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि दंपती के बीच पहले से विवाद चल रहा था. दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक के लिए धमधा न्यायालय पहुंचे थे. अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट का मामला भी जामुल थाने में दर्ज बताया गया है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी है. मामले में आगे की जांच जारी है.
