दुर्ग में 26 नवंबर को महिलाओं से पर्स और नकदी छीनने की दो घटनाओं के मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक और दो नाबालिगों को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड और पर्स बरामद किया गया है.
पहली घटना दिगंबर जैन मंदिर के पास बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, एक महिला वहां से जा रही थीं, तभी स्कूटी सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पर्स छीनकर भाग गए. पर्स में वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन, नकदी और आधार कार्ड रखा था.
दूसरी वारदात सनीचरी बाजार क्षेत्र में हुई. पुलिस के अनुसार, सब्जी बेचकर घर लौट रही महिला से स्कूटी सवार युवकों ने 6 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए. दोनों घटनाओं की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली दुर्ग में केस दर्ज किया गया.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में तीन युवक स्कूटी पर जाते दिखाई दिए. पुलिस का कहना है कि अलग-अलग कैमरों से मिले सुराग और तकनीकी जांच के आधार पर एक युवक की पहचान की गई, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने दो नाबालिग साथियों के साथ वारदात करने की बात स्वीकार की. इसके बाद दोनों नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया. पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल सिंह उर्फ काली, उम्र 18 वर्ष 2 महीने, निवासी शंकर नगर, दुर्ग के रूप में बताई गई है.
पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपी स्कूटी से इलाकों में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही पर्स या नकदी छीनकर भाग जाते थे. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
