दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के तर्रा गांव में रामलीला की परंपरा को करीब 25 युवतियां आगे बढ़ा रही हैं. यहां राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, रावण और अंगद समेत प्रमुख किरदार गांव की बेटियां निभाती हैं. विजयादशमी पर होने वाले मंचन को देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं.

तर्रा में दशहरा और रामलीला का आयोजन करीब 85 से 90 वर्षों से होने की जानकारी रामलीला समिति के संरक्षक खिलावन चंद्राकर ने दी. पहले सभी भूमिकाएं पुरुष निभाते थे. युवाओं की अनियमित भागीदारी के कारण आयोजन में परेशानी आने लगी तो 2013 में तत्कालीन सरपंच लता चंद्राकर ने बेटियों को भी रामलीला में शामिल करने का फैसला किया. पहली बार लड़कियों ने सभी प्रमुख किरदार निभाए. ग्रामीणों की सराहना के बाद यह पहल धीरे-धीरे परंपरा बन गई.

पंचायत भवन में रात को अभ्यास

रामलीला में 15 से 25 वर्ष तक की युवतियां शामिल हैं. इनमें स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं भी हैं. मंचन से पहले पंचायत भवन में रात के समय करीब दो घंटे अभ्यास किया जाता है. कलाकार संवाद, हाव-भाव और अभिनय दोहराती हैं. कई वर्षों से भूमिका निभा रहीं युवतियों को अब अपने अधिकांश संवाद याद हो चुके हैं.

भगवान राम की भूमिका निभाने वाली शिवानी चंद्राकर की शादी दो साल पहले हो चुकी है. इसके बावजूद वह रामलीला में हिस्सा लेने के लिए अपने मायके तर्रा लौटती हैं. शिवानी के मुताबिक उनके पति और ससुराल के लोग भी उन्हें आयोजन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं. उन्हें राम और रावण के बीच का अंतिम संवाद विशेष रूप से पसंद है. वह अपने दिवंगत पिता सनत चंद्राकर को इस भूमिका के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत मानती हैं.

रानी यादव पिछले सात वर्षों से रावण का किरदार निभा रही हैं. उनका कहना है कि लगातार अभ्यास के कारण रावण के संवाद अब उन्हें बिना लिखित सामग्री देखे भी याद रहते हैं. रानी को रावण और अंगद के बीच का प्रसंग पसंद है.

अंगद की भूमिका निभाने वाली गोल्डी यादव भी सात वर्षों से रामलीला से जुड़ी हैं. कक्षा 11वीं की छात्रा गोल्डी वेटलिफ्टिंग में स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं और नेशनल लेवल पर मणिपुर तक पहुंची हैं.

आयोजन में पूरे गांव की भागीदारी

सरपंच विपिन चंद्राकर के मुताबिक पंचायत वेशभूषा और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग करती है. गांव के बुजुर्ग और अन्य लोग रावण का पुतला बनाने, मंच सजाने और कलाकारों का मेकअप करने में मदद करते हैं. पूर्व सरपंच और प्रशिक्षक रमेश शर्मा के अनुसार, कलाकार अपने किरदारों को लेकर उत्साहित रहती हैं और संवादों को अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत करने का प्रयास करती हैं.