छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 17 गांवों के स्वैच्छिक विस्थापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक में टाइगर रिजर्व के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.

बैठक में देवझर-अमली और जुगाड़ गांवों के ग्रामीणों ने विस्थापन के लिए सहमति जताई. प्रशासन के अनुसार, अगले 45 दिनों में इच्छुक परिवारों की पहचान और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. इस अवधि में ग्रामीण अपने दावे और आपत्तियां भी दर्ज करा सकेंगे. अधिकारियों ने योजना को स्वैच्छिक बताते हुए कहा कि किसी परिवार पर दबाव नहीं डाला जाएगा.

प्रस्तावित पुनर्वास स्थलों पर पक्के मकान, कृषि भूमि, सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल, आंगनबाड़ी, सामुदायिक केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका कम करने वाले क्षेत्रों को पुनर्वास के लिए प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है.

मुआवजा और पुनर्वास के तहत प्रत्येक पात्र यूनिट को 15 लाख रुपये या पांच एकड़ भूमि में से किसी एक विकल्प का चयन करने का प्रावधान बताया गया है. यूनिट की गणना पति-पत्नी और पात्र वयस्क बच्चों के आधार पर की जाएगी.

बैठक में बारनवापारा क्षेत्र में पहले किए गए विस्थापन को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया. वहां विकसित मकानों, खेतों, तालाबों और अन्य सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई.

देवझर-अमली के ग्रामीण पुष्तम मांझी के मुताबिक, गांव में 156 परिवार हैं. इनमें करीब 120 परिवार विस्थापन के लिए तैयार हैं, जबकि लगभग 30 से 35 परिवार गांव में रहना चाहते हैं. ग्रामीणों को आवेदन के लिए 45 दिनों का समय दिया गया है.