छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय के स्टार रेटिंग मूल्यांकन में 5-स्टार रेटिंग मिली है. खदान ने मूल्यांकन में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए और देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान प्राप्त किया.

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने खदान के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने इसे अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया.

गारे पेलमा सेक्टर-III खदान को लगातार पांच वर्षों से खान मंत्रालय की ओर से प्रथम पुरस्कार मिलता रहा है. नई 5-स्टार रेटिंग और राष्ट्रीय रैंकिंग को खदान के संचालन, खनन प्रबंधन और कार्यक्षमता से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया है.

सात मानकों पर हुआ मूल्यांकन

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग व्यवस्था में खदानों का आकलन सात प्रमुख मानकों पर किया जाता है. इनमें खनन कार्यों की दक्षता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, वित्तीय प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण और सुरक्षा शामिल हैं.

खदान में कोयला उत्पादन और प्रेषण के लक्ष्यों के साथ श्रमिक सुरक्षा, वैज्ञानिक खनन पद्धतियों और पर्यावरणीय नियमों के पालन पर भी जोर दिए जाने की जानकारी दी गई है.

इस उपलब्धि के लिए नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में कोयला मंत्रालय की ओर से स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह आयोजित किया गया. समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह को खदान की उपलब्धि की ट्रॉफी भेंट की.