छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में 22 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने प्रत्येक दोषी पर दो-दो लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है. तीनों पर कुल छह लाख रुपये का जुर्माना हुआ है.
विशेष न्यायाधीश शैलेश शर्मा की अदालत ने कहा कि जुर्माना जमा नहीं करने पर दोषियों को छह-छह महीने का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा. फैसला सुनाए जाने के बाद तीनों के खिलाफ सजा वारंट जारी किया गया और उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल भेजने का आदेश दिया गया.
वाहन जांच के दौरान मिली थी 22 किलो गांजा
मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सोरिद मोड़ के पास जोगी डबरी मुख्य मार्ग का है. पुलिस ने 9 जनवरी 2025 को वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन को रोका था. वाहन में चार लोग सवार थे. तलाशी में चार बोरियों से कुल 22 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजा, वाहन और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए थे. इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस के अनुसार, संतोष सुना के पास से छह किलोग्राम, बिसेसर सिंह के पास से पांच किलोग्राम, पलाश उर्फ बंटी पाटिल के पास से छह किलोग्राम और अनिकेत शिंदे के पास से पांच किलोग्राम गांजा मिला था.
विचारण के दौरान आरोपी बिसेसर सिंह की मौत हो गई. इसके बाद संतोष सुना, अनिकेत शिंदे और पलाश उर्फ बंटी पाटिल के खिलाफ मुकदमा चला. अदालत ने इन तीनों को दोषी पाया. संतोष सुना ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी है, जबकि अनिकेत शिंदे और पलाश पाटिल महाराष्ट्र के रहने वाले हैं.
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि 10 जनवरी 2025 से 17 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में बिताई गई अवधि को सजा की कुल अवधि में समायोजित किया जाएगा. फैसले की प्रति रायपुर केंद्रीय जेल और संबंधित पक्षों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
