गरियाबंद जिले के कोकड़ी गांव में जल-जंगल-जमीन बचाओ संघर्ष समिति ने महापंचायत का आयोजन किया. इसमें गरियाबंद और धमतरी जिलों के उदंती-सीतानदी अभयारण्य क्षेत्र में आने वाले 128 गांवों के लोग शामिल हुए. ग्रामीणों ने विस्थापन का विरोध करते हुए अपनी मांगें रखीं.
महाग्रामसभा में बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और कई निर्वाचित जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक पदाधिकारी मौजूद रहे. सभा में आरोप लगाया गया कि विस्थापन नीति की पर्याप्त जानकारी दिए बिना जबरन विस्थापन की कार्रवाई की जा रही है.
ग्रामीणों ने अभयारण्य क्षेत्र के गांवों में अपेक्षित विकास नहीं होने पर भी नाराजगी जताई. शाम के समय आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध का मुद्दा भी सभा में उठाया गया.
बैठक में इन विषयों पर चर्चा के बाद शासन से 60 दिनों के भीतर समाधान कराने का प्रस्ताव पारित किया गया. प्रस्ताव को संसद, विधानसभा और जिला पंचायत के पटल पर रखने तथा उसके अनुपालन की मांग करने का निर्णय लिया गया.
समिति ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर इसे अनुसूचित क्षेत्र में पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम यानी पेसा एक्ट के उल्लंघन का मामला मानते हुए आने वाले दिनों में व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा.
