छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मकड़ियों की जैव-विविधता पर अध्ययन कर रहे शोधकर्ताओं ने ‘मंगोरा बाई’ (Mangora baii Mi & Li, 2021) नाम की ऑर्ब-वीवर मकड़ी को भारत में पहली बार दर्ज किया है. यह प्रजाति इससे पहले वर्ष 2021 में चीन में दर्ज की गई थी.
शोध दल के सदस्य हितेश कुमार वारते के मुताबिक, मकड़ी गरियाबंद मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर गरियाबंद-देवभोग मार्ग के पास मिली. शुरुआत में केवल तस्वीरों के आधार पर इसकी पहचान नहीं हो सकी, क्योंकि भारतीय शोध रिकॉर्ड में इस प्रजाति का पहले कोई उल्लेख नहीं मिला था.
शारीरिक लक्षणों से हुई पहचान
इसके बाद शोधकर्ताओं ने मकड़ी की शारीरिक संरचना का विस्तृत अध्ययन किया. टीम ने इसके अंडाकार उदर पर बनी चौड़ी काली धारियों, काले सेफलोथोरैक्स, पैरों की बनावट और उदर के निचले हिस्से में मौजूद चौड़ी लंबवत रेखा का मिलान वैज्ञानिक विवरणों से किया.
मकड़ी की तस्वीरों और शारीरिक बनावट की तुलना विभिन्न वैज्ञानिक शोध-पत्रों में दर्ज प्रजातियों से की गई. करीब एक महीने की पड़ताल के दौरान टीम को वर्ष 2021 में चीन में प्रकाशित शोध में इससे मिलती-जुलती तस्वीर मिली. विस्तृत तुलना के बाद इसकी पहचान ‘मंगोरा बाई’ के रूप में की गई.
इस अध्ययन में डॉ. अविनाश आर. निचत, एम.वी.वी. शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भखारा, धमतरी; डॉ. के.के. हैरिस और जसवंत नायक, शासकीय दूधाधारी बजरंग गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, रायपुर शामिल रहे.
शोधकर्ताओं का कहना है कि गरियाबंद में इस प्रजाति का मिलना छत्तीसगढ़ के जंगलों की समृद्ध जैव-विविधता को दर्शाता है. उनके अनुसार, वन क्षेत्रों में लगातार वैज्ञानिक सर्वेक्षण होने से अन्य प्रजातियों और उनके भौगोलिक वितरण से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं. इस खोज को भारत में मकड़ियों की जैव-विविधता के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
