छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूली बच्चों के अधूरे पुल की लोहे की सीढ़ी के सहारे पैरी नदी पार कर स्कूल जाने की खबरों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
मामला मैनपुर ब्लॉक के देहारगुड़ा और खंभाठा के बीच का है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यहां पैरी नदी पर करीब 300 मीटर लंबा पुल लगभग छह साल से अधूरा है. नदी में पानी बढ़ने पर आसपास की बस्तियों के बच्चों को स्कूल जाने के लिए अधूरे पुल के एक खंभे से जुड़ी संकरी और फिसलन भरी लोहे की सीढ़ी का इस्तेमाल करना पड़ता है.
आयोग ने कहा है कि रिपोर्ट में सामने आए तथ्य सही पाए जाने पर यह बच्चों के जीवन और सुरक्षा से जुड़े मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला हो सकता है.
मानसून में बढ़ जाता है जोखिम
रिपोर्टों के मुताबिक, सामान्य मौसम में नदी का जलस्तर कम रहता है, लेकिन बारिश के दौरान पैरी नदी उफान पर आ जाती है. ऐसे समय में बच्चों के लिए सीढ़ी और अधूरे पुल के हिस्सों से होकर गुजरना अधिक जोखिम भरा हो जाता है. स्थानीय लोगों ने पुल के निर्माण में देरी और खुले लोहे के सरियों को लेकर भी चिंता जताई है.
बच्चों के इस जोखिम भरे आवागमन का वीडियो सामने आने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ. जिला प्रशासन की ओर से स्थल का निरीक्षण करने और सुरक्षित अस्थायी रास्ते की व्यवस्था पर विचार करने की बात कही गई है.
