गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सामने आए सागौन तस्करी मामले में वन विभाग ने तीसरे आरोपी शोभाचंद्र नायक को गिरफ्तार किया है. ओडिशा के सिनापाली निवासी नायक को गुरुवार को देवभोग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

वन विभाग के मुताबिक, शोभाचंद्र एक अन्य मामले में पहले से गिरफ्तार था. गुरुवार को उसे जमानत मिलने के तुरंत बाद विभाग की टीम ने पुराने वन अपराध प्रकरण में फिर गिरफ्तार कर लिया. विभाग ने बताया कि वह एक पूर्व मामले में भी फरार चल रहा था.

कुरूवाठा बीट के मामले में भूमिका की जांच

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन के अनुसार, कुरूवाठा बीट में हाल में उजागर सागौन तस्करी मामले में शोभाचंद्र की संलिप्तता सामने आई थी. विभाग का आरोप है कि वह छत्तीसगढ़ के लोगों से सागौन कटवाने और काटी गई लकड़ी को ओडिशा तक पहुंचाने के लिए परिवहन तथा लॉजिस्टिक सहयोग कर रहा था.

गिरफ्तारी के बाद वन विभाग उससे इस मामले में पूछताछ कर रहा है. यह कार्रवाई उदंती नदी के किनारे कथित तौर पर ‘पुष्पा स्टाइल’ में सागौन तस्करी का खुलासा होने के बाद की जा रही है. मामले में इससे पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी का उल्लेख किया गया है.