गरियाबंद जिले में अंतरराज्यीय स्तर पर लापता हुई बालिकाओं के मामलों की अब प्रशासन विस्तृत जांच करेगा. जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बुधवार को हुई बैठक में बताया गया कि 43 बालिकाओं के गुम होने के मामलों में 38 को बरामद किया जा चुका है. बैठक में पांच नए प्रकरण सामने आने की जानकारी भी दी गई.
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में गुमशुदगी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए. जांच में यह भी देखा जाएगा कि बालिकाएं किन परिस्थितियों में लापता हुईं और दूसरे राज्यों तक कैसे पहुंचीं.
शोषण और अवैध रूप से ले जाने के पहलुओं की जांच
प्रशासन ने बंधुआ मजदूरी, अपहरण, प्रेम-प्रसंग, अवैध मानव व्यापार और अन्य तरह के शोषण से जुड़े पहलुओं की जांच करने को कहा है. बैठक में यह भी कहा गया कि रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में गए लोगों और बालिकाओं के शोषण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
कलेक्टर ने पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से मामलों की पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए. यदि किसी व्यक्ति को अवैध रूप से दूसरे राज्य ले जाने या उसके शोषण में किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
स्कूलों और गांवों में जागरूकता गतिविधियां
बैठक में स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में काउंसलिंग व जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए गए. बच्चों और किशोर-किशोरियों से संवाद कर उनकी समस्याएं समझने, उन्हें शिक्षा से जोड़े रखने और प्रलोभन या बहकावे से बचने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया.
कलेक्टर ने कहा कि बरामदगी के बाद बच्चों और अन्य लापता लोगों को सुरक्षित रूप से उनके परिवार तक पहुंचाना भी प्राथमिकता है. इसके लिए पुलिस, महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग और अन्य संबंधित विभागों को समन्वय से काम करने को कहा गया. बैठक में अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, नवीन भगत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
