गरियाबंद पुलिस गांवों में साइबर ठगी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को स्थानीय स्तर की अहम कड़ी के रूप में तैयार कर रही है. साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्थानीय महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी.

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में हुए इन कार्यक्रमों में शुरुआती सतर्कता के जरिए आर्थिक नुकसान से बचने के उपाय समझाए गए. प्रशिक्षण के दौरान फर्जी बैंक कॉल, OTP और UPI PIN मांगने वाले संदेशों या कॉल की पहचान करने के तरीके बताए गए.

इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, लोन और इनाम के नाम पर होने वाली ठगी तथा सरकारी योजनाओं का नाम लेकर किए जाने वाले साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की जानकारी दी गई.

पुलिस के मुताबिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनें नियमित रूप से ग्रामीण परिवारों के संपर्क में रहती हैं. इसलिए इनके माध्यम से साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी उन लोगों तक भी पहुंचाई जा सकती है, जो सीधे पुलिस या अन्य डिजिटल जागरूकता कार्यक्रमों से नहीं जुड़ पाते.

अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में ठगी के सामान्य तरीकों को लेकर सतर्कता बढ़ाना और संदिग्ध डिजिटल संपर्कों पर तुरंत सावधानी बरतने का संदेश पहुंचाना है.