राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक में अधूरे पुल से नदी पार करने को मजबूर स्कूली बच्चों से जुड़े मामले का स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
आयोग के अनुसार, खंभाथा और आसपास की बस्तियों के दर्जनों बच्चे स्कूल जाने के लिए अधूरे पुल से जुड़ी संकरी और फिसलन भरी लोहे की सीढ़ी के सहारे पैरी नदी पार करते हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि मानसून के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से जोखिम और बढ़ जाता है.
NHRC ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में सामने आईं बातें सही हैं, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला हो सकता है.
करीब छह साल से अधूरा है पुल
आयोग ने बताया कि मैनपुर ब्लॉक में देहरगुड़ा और खंभाथा के बीच करीब 300 मीटर लंबा पुल लगभग छह वर्षों से निर्माणाधीन है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों ने करीब एक साल पहले ग्रामीणों को पुल छह महीने में पूरा करने का आश्वासन दिया था.
