गरियाबंद जिले के करका जंगल में अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई की जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. वन विभाग के अनुसार, मौके पर करीब 50 से 60 ग्रामीण जुट गए और टीम को कथित अतिक्रमित क्षेत्र में जाने से रोकने की कोशिश की गई. इस दौरान विवाद, धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी.
विभाग ने बताया कि घटनाक्रम में किसी वन अधिकारी या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है. टीम करका क्षेत्र में वनभूमि के कथित अतिक्रमण का निरीक्षण और आगे की कार्रवाई के लिए पहुंची थी. विभाग के मुताबिक, ग्रामीण मुकेश मरकाम को मौके से ले जाया गया. यह भी कहा गया है कि मुकेश घटना की वीडियोग्राफी कर रहे थे.
मामले में वन विभाग की ओर से वीडियो साक्ष्य के साथ खल्लारी थाने में FIR दर्ज करने के लिए आवेदन दिए जाने की जानकारी सामने आई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस कार्रवाई या FIR दर्ज होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
35 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण के संकेत
वन विभाग के 22 सितंबर 2026 के मैदानी निरीक्षण में 1,100 से अधिक पेड़ों पर गर्डलिंग और बड़ी संख्या में कटे पेड़ों के ठूंठ मिले. विभाग के प्रारंभिक आकलन में वर्ष 2016 से 2017 के बीच करीब 30 हजार पेड़-पौधे काटे जाने के संकेत मिले हैं. GPS आधारित आकलन में लगभग 35 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण के संकेत बताए गए हैं. हालांकि अंतिम क्षेत्रफल का निर्धारण DGPS आधारित ड्रोन मैपिंग पूरी होने के बाद किया जाएगा.
करका पहले वन ग्राम था और सोंढूर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में तत्कालीन सीतानदी अभयारण्य के अंतर्गत आता था. बांध निर्माण के बाद 1980 के दशक में गांव का विस्थापन किया गया था. विभागीय अभिलेखों के अनुसार, 55 लोगों को जल संसाधन विभाग ने मुआवजा दिया था. वन विभाग का कहना है कि इसके बाद क्षेत्र की ऊंचाई पर स्थित वनभूमि में फिर अतिक्रमण और वन कटाई की गतिविधियां सामने आईं.
वर्ष 2016 में 22 लोगों के खिलाफ करीब 22 हेक्टेयर घने वन क्षेत्र में कथित अतिक्रमण को लेकर POR दर्ज किया गया था. विभाग के अनुसार, 2023 में नगरी न्यायालय ने आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया. अब विभाग सैटेलाइट इमेजरी, ड्रोन फुटेज, GPS/DGPS मैपिंग और मैदानी साक्ष्यों के आधार पर क्षेत्र का दोबारा आकलन कर रहा है.
