छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल से पुलिस ने 21 लाख रुपये की नकदी बरामद की है. पुलिस के अनुसार, यह रकम जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई थी और उसे निकालने पहुंचे दो सरेंडर कर चुके पूर्व माओवादियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद राजाडेरा पहाड़ी के पास घेराबंदी की गई थी. इसी दौरान जंगल से बैग लेकर लौट रहे संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर छिपने की कोशिश की. घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया. तलाशी में काले रंग के बैग के भीतर रखे टिफिन से 500-500 रुपये के नोटों के बंडल मिले. पुलिस ने नकदी के अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकमा जिले के गामगुलावर निवासी सिंगे उर्फ रोशनी, एटेगट्टा निवासी बुधरी मुचाकी उर्फ बुदरी उर्फ सोनी और गरियाबंद जिले के भुतबेड़ा निवासी नोहर मरकाम के रूप में बताई है. पुलिस के अनुसार, रोशनी नक्सली कमांडर चलपति की गार्ड रह चुकी है, जबकि बुधरी मुचाकी सीनापाली दलम की पूर्व कमांडर बताई गई है. नोहर मरकाम पर नक्सलियों का सहयोगी होने का आरोप है.
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि रकम वर्ष 2024 में चलपति ने राजाडेरा जंगल में छिपाई थी. पुलिस का दावा है कि यह पैसा ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर की गई अवैध वसूली से जुटाया गया था. दोनों महिला आरोपियों ने पुनर्वास शिविर में रहते हुए रकम निकालने की योजना बनाई और नोहर मरकाम की मदद से जंगल पहुंचीं.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2) और 61(2) तथा यूएपीए की धाराओं 17, 18, 20, 38 और 40 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे जांच जारी है.
