राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूली बच्चों के जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर मामले पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

मामला मैनपुर ब्लॉक के खामभाठा और आसपास की बस्तियों का है. NHRC के अनुसार, यहां के दर्जनों बच्चे स्कूल जाने के लिए पैरी नदी पर बने अधूरे पुल से जुड़ी संकरी और फिसलन भरी लोहे की सीढ़ी चढ़कर नदी पार करने को मजबूर हैं. मानसून के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से यह रास्ता और खतरनाक हो जाता है.

देहारगुड़ा और खामभाठा के बीच बन रहा यह पुल करीब 300 मीटर लंबा बताया गया है और लगभग छह वर्षों से निर्माणाधीन है. स्थानीय लोगों को करीब एक साल पहले इसे छह महीने में पूरा करने का आश्वासन दिए जाने की बात भी रिपोर्ट में सामने आई है.

आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में दिए गए तथ्य सही पाए जाते हैं, तो वे बच्चों के मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर सवाल उठाते हैं. नोटिस में राज्य सरकार से बच्चों की सुरक्षा और पुल निर्माण की स्थिति पर विस्तृत जानकारी मांगी गई है.

यह मामला 3 सितंबर 2026 को सामने आई मीडिया रिपोर्ट के बाद NHRC के संज्ञान में आया. आयोग की 9 सितंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, रिपोर्ट में बच्चों को अधूरे पुल के ढांचे और लोहे की सीढ़ी के सहारे स्कूल जाते दिखाया गया था.