छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वन विभाग के बीट गार्ड के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है. घटना गौरेला वन परिक्षेत्र की दर्री बीट में शासकीय ड्यूटी के दौरान हुई. शिकायत के आधार पर गौरेला थाना पुलिस ने रुद्र मांझी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, दर्री बीट में तैनात बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे को सूचना मिली थी कि एक किसान की राजस्व भूमि पर आकाशीय बिजली गिरने से सूखा पेड़ गिर गया है. किसान के उस पेड़ को काटने की सूचना पर रात्रे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. संबंधित लोगों से बातचीत के बाद उन्होंने नियमानुसार पंचनामा तैयार किया.

कार्रवाई पूरी करने के बाद लौटते समय रास्ते में रुद्र मांझी से उनकी मुलाकात हुई. आरोप है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद मांझी ने बीट गार्ड के साथ हाथापाई की तथा उनकी वर्दी फाड़ दी.

घटना की जानकारी बीट गार्ड ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी. इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, एट्रोसिटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी. घटना के बाद ड्यूटी के दौरान वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं.