छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध लकड़ी कटाई की जांच करने पहुंचे डिप्टी रेंजर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जांच का विरोध करते हुए डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे से गाली-गलौज की, थप्पड़ मारा और उनकी वर्दी फाड़ दी. घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है.
घटना 24 अक्टूबर की बताई गई है. जानकारी के मुताबिक, रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की कथित अवैध कटाई की सूचना मिली. वह वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के तहत फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई.
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पूरी होने के बाद लौटते समय रुद्र प्रसाद मांझी उर्फ रुदुर मांझी वहां पहुंचा और कार्रवाई को लेकर विवाद करने लगा. आरोप है कि उसने रात्रे का हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की. इस दौरान वर्दी के बटन टूट गए और उनकी गर्दन पर खरोंच आई. पुलिस ने यह भी कहा है कि आरोपी ने जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल किया. इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी.
पुलिस ने किन धाराओं में मामला दर्ज किया
रात्रे की शिकायत पर गौरेला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 121(1) और 132 के अलावा एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत अपराध दर्ज किया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए.
पुलिस के मुताबिक, एसपी मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर आरोपी की तलाश की गई और पूछताछ के बाद 16 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले मारपीट और धमकी का मामला दर्ज होने की भी जानकारी दी है.
