छत्तीसगढ़ के गौरेला और पेंड्रा थाना क्षेत्रों से तीन युवतियों और एक विवाहिता के लापता होने के चार मामले सामने आए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत केस दर्ज किया है. इनमें तीन प्रकरण गौरेला और एक पेंड्रा थाने में दर्ज हुआ है.

गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम डाहीबहरा निवासी लल्ली बाई भैना के मुताबिक, उनकी 22 वर्षीय बेटी सीता भैना बिना बताए घर से चली गई और तलाश के बाद भी नहीं मिली. परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर प्रलोभन देकर ले जाने का संदेह जताया है.

ग्राम पडखुरी निवासी मोहन सिंह ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी भारती गोंड महिला महाविद्यालय, गौरेला में पढ़ती है. वह दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. रिश्तेदारों और आसपास तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला. इस मामले में भी अज्ञात व्यक्ति पर संदेह जताया गया है.

ग्राम बढ़ावनडांड निवासी संतोष सोनवानी की 19 वर्षीय बेटी प्रीति सोनवानी अपनी नानी के घर मलाया, जिला अनूपपुर से ट्रेन से गौरेला लौट रही थी. उसने रात करीब 11 बजे फोन कर गौरेला रेलवे स्टेशन के कमानिया गेट के पास होने की जानकारी दी थी. पिता के पहुंचने तक वह वहां नहीं मिली और बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया. परिजनों ने पेंड्रा थाना क्षेत्र के बचरवार निवासी गोलू साहू पर प्रलोभन देकर ले जाने का संदेह जताया है.

पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम महोरा मझेटोला से एक विवाहिता अनीता देवी के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है. शिकायतकर्ता के अनुसार, वह काम से बाहर गया था और उसकी मां ने फोन पर अनीता के घर से चले जाने की जानकारी दी. परिवार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई है.

पुलिस चारों महिलाओं और युवतियों की तलाश के साथ मामलों की जांच कर रही है.