छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया है. किसानों का कहना है कि कई खेतों में फसल गिर गई और कुछ हिस्सों में पानी भर गया.
बारिश 28 अक्टूबर की शाम शुरू हुई और 29 अक्टूबर तक जारी रही. इससे पहले 27 अक्टूबर से जिले में बादल छाए हुए थे. खेतों में धान की फसल कटाई के करीब पहुंच चुकी थी, इसलिए किसानों को दाने की गुणवत्ता और उपज में कमी की चिंता है.
पेंड्रा ब्लॉक के कुड़केई गांव के किसान कीर्ति कुमार कश्यप ने नुकसान का प्रारंभिक अनुमान 25 से 30 प्रतिशत बताया. उनके अनुसार कुछ फसलें पानी में डूब गईं या गिर गईं, जबकि आंशिक रूप से पके धान की बालियां भी झड़ गईं.
किसानों ने गांव-वार नुकसान का सर्वे कराने और फसल बीमा तथा मुआवजा देने की मांग की है. एक अन्य किसान नरेश कुमार यादव ने बताया कि उनकी फसल की कटाई दो से चार दिन में होने वाली थी, लेकिन बारिश और हवा से वह खेत में गिर गई.
जिला प्रशासन ने मौसम चेतावनी के मद्देनजर 29 और 30 अक्टूबर को जिले के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया था. फसल नुकसान का आधिकारिक सर्वे होने के बाद ही वास्तविक क्षति स्पष्ट होगी.
