गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने हित चिंतक अभियान शुरू करने की योजना बनाई है. अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगे और उन्हें संगठन के कामकाज व उद्देश्यों की जानकारी देंगे.

जिला बैठक पटियाला हाउस में आयोजित हुई. इसमें मध्य भारत क्षेत्र के संगठन मंत्री राजाराम जी, VHP के प्रांत अध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा और प्रांत सह मंत्री विजय राठौर ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया. बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई.

अभियान के लिए मोबाइल ऐप की मदद से परिवारों से संपर्क करने की बात कही गई. जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज के हर परिवार तक पहुंचने से संगठन का संपर्क और विस्तार मजबूत होगा.

बैठक में कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियां तय समय में पूरी करने के लिए प्रेरित किया गया. VHP, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार हुआ.

बैठक का संचालन जिला मंत्री प्रकाश साहू ने किया. इस दौरान बजरंग दल के विभाग संयोजक सागर पटेल, जिले के पदाधिकारी और विभिन्न प्रखंडों से कार्यकर्ता मौजूद रहे.