छत्तीसगढ़ के गौरेला के गिरवर गांव में रात में किराने की दुकान नहीं खोलने को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ लोग रात में दुकान खुलवाने पहुंचे थे. दुकान नहीं खोलने पर उन्होंने गाली-गलौज की. सूचना मिलने के बाद शिकायतकर्ता और उसके भाई ओमप्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद वे वहां से चले गए.
शिकायत के अनुसार, अगले दिन 10 नामजद आरोपी एक साथ घर में घुसे. आरोप है कि उन्होंने पुरानी दुश्मनी और दुकान नहीं खोलने की बात को लेकर शिकायतकर्ता के बेटे लक्ष्मण यादव से गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला किया. शिकायत में जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है.
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों से भी मारपीट
शिकायतकर्ता, ओमप्रकाश यादव और लक्ष्मी यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. शिकायत के मुताबिक, लक्ष्मी यादव को धक्का देकर गिरा दिया गया. हमले में लक्ष्मण के सिर, पीठ और बाएं पैर में चोट लगी. शिकायतकर्ता के सिर, कोहनी, कलाई, कमर और कूल्हे तथा ओमप्रकाश के टखने पर चोट बताई गई है.
गौरेला पुलिस ने राकेश राठौर, महेंद्र यादव, राजू यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 190, 191(2), 296, 333 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.
