कोरबा जिले की गेवरा कोयला खदान में सोमवार को तेज बारिश के दौरान कर्मचारियों के लिए बनाया गया रेस्ट सेल्टर पानी के तेज बहाव में बहकर खदान की खाई में जा गिरा. हादसे के वक्त सेल्टर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
यह घटना गेवरा खदान के गणेश सर्कल के पास हुई. बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई. इसके बाद खदान के ऊपरी हिस्से से निचले हिस्से की ओर पानी का बहाव तेज हो गया. पानी की चपेट में आकर टिन शेड से बना सेल्टर अपनी जगह से उखड़ गया और पूरा ढांचा बहते हुए खदान की गहराई में जा गिरा.
कर्मचारियों के आराम के लिए इस्तेमाल होता था सेल्टर
रेस्ट सेल्टर का उपयोग शिफ्टिंग इंचार्ज, माइनिंग सरदार और ओवरमैन धूप तथा बारिश से बचने के लिए करते थे. खदान के अंदर काम के दौरान यह उनके आराम करने की जगह थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सेल्टर वाली जगह पर पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं थी.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के साथ सेल्टर को खाई में गिरते देखा जा सकता है. वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. घटना के बाद खदान क्षेत्र में अस्थायी ढांचों की मजबूती और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं.
