रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की TVS जुपिटर स्कूटी पर सवार होकर एक और दोपहिया वाहन चोरी करने के लिए इलाके में रेकी कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलन दास महंत (30), उसके छोटे भाई हरिशंकर महंत (24) और उनके चचेरे भाई कन्हैया दास महंत (37) के रूप में हुई है. मिलन और हरिशंकर ग्राम पुसल्दा, थाना छाल के रहने वाले हैं, जबकि कन्हैया दास महंत मोहल्ला, वार्ड नंबर 13, डभरा, जिला सक्ती का निवासी बताया गया है.

CCTV फुटेज और वाहन जांच से सुराग

घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा ने 18 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के सामने खड़ी TVS जुपिटर स्कूटी चोरी हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच शुरू की. इसी दौरान घरघोड़ा में वाहन जांच के समय पुलिस ने तीनों संदिग्धों को उसी स्कूटी पर सवार होकर पकड़ा.

पूछताछ में आरोपियों ने मई 2026 में छाल के बरभौना चौक के पास से एक NXG मोटरसाइकिल, करीब तीन महीने पहले घरघोड़ा के नवापारा चौक से एक Bullet और करीब दो महीने पहले छाल के बोजिया में मस्जिद के पास से Hero Splendor Plus और NXG मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, हरिशंकर मोटरसाइकिल मैकेनिक और कन्हैया ड्राइवर है.

बरामद Bullet की जांच ‘सशक्त मोबाइल ऐप’ से करने पर उसके संबंध में सुपेला थाना, जिला दुर्ग में चोरी का मामला दर्ज मिला. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.