दंतेवाड़ा जिले की गीदम नगर पंचायत की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) हुलसी प्रधान को शासन ने पद से हटा दिया है. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के तबादला आदेश के अनुसार उन्हें गीदम CMO पद से हटाकर सुकमा जिले के दोरनापाल में उनके मूल पद पर वापस भेजा गया है.

सुकमा नगर पालिका में CMO रहे लेखापाल विनीत साव को गीदम नगर पंचायत का नया CMO नियुक्त किया गया है. इसी आदेश में प्रदेशभर के करीब 53 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं.

बैठक की कार्यवाही को लेकर शिकायत

हुलसी प्रधान के खिलाफ गीदम नगर पंचायत की विशेष परिषद बैठक की कार्यवाही में कथित गड़बड़ी और एक ही समय पर दो अलग-अलग बैठकों में मौजूदगी दर्ज होने को लेकर शिकायत की गई थी. शिकायतकर्ता गौ पालक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा हैं.

शिकायत के मुताबिक, 16 जून 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक दंतेवाड़ा संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक हुई थी. शिकायतकर्ता का दावा है कि इसमें CMO हुलसी प्रधान मौजूद थीं. दूसरी ओर, नगर पंचायत की कार्यवाही पंजी में इसी अवधि के दौरान करीब 11:30 बजे विशेष परिषद बैठक और उसमें CMO की ओर से प्रस्ताव रखने का उल्लेख दर्ज है.

दिनेश शर्मा ने RTI के जरिए बैठक से जुड़े दस्तावेज हासिल करने के बाद गीदम थाने में लिखित शिकायत दी. उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना, हुलसी प्रधान और कुछ पार्षदों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की. शिकायत में कार्यवाही पंजी में गलत जानकारी और हस्ताक्षरों में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं.

पुलिस जांच की स्थिति और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. संबंधित अधिकारी की ओर से इन आरोपों पर कोई पक्ष उपलब्ध नहीं है.