गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम दरमोहली में पुलिस ने एक बाड़े से 27 भैंसें बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार, इन मवेशियों को अवैध रूप से दूसरे स्थान पर ले जाकर बुचड़खाने में भेजे जाने की आशंका थी. जब्त भैंसों की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आकाश बघेल देहात पेट्रोलिंग पर थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम झाबर बरघाट की ओर से भैंसों को पैदल हांकते हुए दरमोहली के रास्ते मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपटा की ओर ले जा रहे हैं. सूचना में आगे इन मवेशियों को जबलपुर की ओर ले जाने की आशंका जताई गई थी.
इसके बाद आकाश बघेल ने सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह पावेल और आरक्षक कौशलेन्द्र बघेल के साथ ग्राम दरमोहली में अनिल कुमार राठौर के बाड़े पर दबिश दी. मौके पर 27 भैंसें मिलीं. कार्रवाई के दौरान परमेश्वर प्रसाद साहू और हरिश्चन्द्र पनिका को गवाह बनाया गया.
पुलिस ने बाड़े के संचालक अनिल कुमार राठौर से मवेशियों की खरीदी-बिक्री और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला. पूछताछ में उसने दो भैंसें नरौर निवासी अमन कुशवाहा और दो भैंसें अंकुश कुशवाहा की बताईं. शेष मवेशियों के बारे में अन्य लोगों का हवाला दिया गया. पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोग मौके से फरार हो गए.
मामले में अनिल कुमार राठौर, अमन कुशवाहा और अंकुश कुशवाहा समेत अन्य लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 की धाराओं 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस मवेशियों के वास्तविक मालिकों, परिवहन और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
